गाजियाबाद (शिखर समाचार) प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना घर पाने का सपना लेकर पहुंचे सैकड़ों आवेदकों के लिए बुधवार का दिन भावनाओं का संगम साबित हुआ। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा बुधवार 13 अगस्त को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से भवन आवंटन की लॉटरी प्रक्रिया शुरू होते ही हॉल में सन्नाटा छा गया, और हर आंख सिर्फ एक नंबर पर टिक गई वह नंबर जो उनका भविष्य बदल सकता था।
ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 31 भवनों के आवंटन हेतु आयोजित हुआ ड्रॉ, अजनारा इंडिया लिमिटेड द्वारा विकसित परियोजना
यह ड्रॉ योजना संख्या 920-41 डी के अंतर्गत निजी विकासकर्ता मैसर्स अजनारा इंडिया लिमिटेड द्वारा ग्राम नूरनगर (खसरा संख्या 1239, 1249, 1250, 1266, 1267) में निर्मित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 31 शेष भवनों के आवंटन हेतु आयोजित किया गया।
लॉटरी निकालने से पहले पात्रता जांच की लंबी प्रक्रिया पूरी की गई। पात्र पाए गए आवेदकों के नाम सूचीबद्ध किए गए और फिर एक-एक करके भाग्य की पर्चियां निकाली गईं। जैसे ही किसी का नाम पुकारा जाता, हॉल में बैठे उसके परिवारजन खुशी से झूम उठते, और कई लोग एक दूसरे को गले लगाकर बधाई देते दिखाई दिए। वहीं, जिनका नाम नहीं आया, उनके चेहरे पर हल्की निराशा जरूर थी, लेकिन कई ने अगले मौके की उम्मीद जताई।
पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुआ ड्रॉ, प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आवंटन प्रक्रिया का संचालन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/government-schemes-metro-college/
ड्रॉ की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंच पर अपर जिलाधिकारी (नगर) गाजियाबाद, अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, विशेष कार्याधिकारी और परियोजना अधिकारी डूडा, गाजियाबाद मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
आवंटन सूची जल्द ही गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की वेबसाइट और सूचना पट पर जारी की जाएगी, ताकि सभी प्रतिभागी आधिकारिक रूप से अपने परिणाम देख सकें।

